संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर जिले के पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह गुड्डू के बेटे पर शुक्रवार को पुलिस ने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर लिया। साथ में पढ़ने वाली छात्रा ने केस दर्ज कराया है।आरोप है कि शुक्रवार को छात्रा का हाथ पकड़कर खींचा और फिर विरोध करने पर थप्पड़ मार दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के इंटर कॉलेज में कक्षा 12 में पढ़ने वाली छात्रा की कक्षा में ही भटहट कस्बा निवासी एक छात्र भी पढ़ता है। छात्रा का आरोप है कि वह आए दिन आते जाते आगे पीछे लगकर अश्लील कमेंट्स करता है। मना करने पर गाली देता है। शुक्रवार को कॉलेज के बाहर करीब तीन बजे बुक खरीदने गई थी तो हाथ पकड़कर खींचने लगा।
विरोध करने पर थप्पड़ मारकर छेड़खानी भी की। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह गुड्डू का कहना है कि मामला कुछ भी नहीं है लड़का-लड़की दोनों एक ही कक्षा में पढ़ते हैं। राजनीतिक द्वेष के कारण हमारे लड़के को फर्जी रूप से फंसाया जा रहा है। बिना जांच पड़ताल किए नाबालिग लड़के के खिलाफ मुकदमा लिख दिया गया है।




