संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर शहर के सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, उनकी पत्नी हर्षना शर्मा और साले प्रणव वशिष्ठ पर नौ करोड़ जालसाजी करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रमोद सिंह ने होप मल्टी स्टेट मल्टी परपज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड नामक कंपनी बनाई थी।इसमें डॉक्टर चेयरमैन हैं।
पुलिस ने यह कार्रवाई सोसाइटी के वाइस चेयरमैन मनी कुमार सिंह की तहरीर पर की है। उन्होंने बताया है कि लोगों का जमा पैसा करीब नौ करोड़ रुपये डॉ. प्रमोद सिंह लेकर फरार हो गए हैं। इस काम में उनकी पत्नी और साले का भी हाथ है।
मनी का आरोप है कि डॉ. प्रमोद सिंह दो साल से रुपये लेकर गायब हैं, अब उनकी पत्नी भी शहर स्थित अपना फ्लैट बेच कर फरार होने वाली हैं। मामले में एडीजी अखिल कुमार के निर्देश पर कैंट पुलिस ने डॉक्टर प्रमोद सिंह पत्नी हर्षना और साले प्रणव वशिष्ठ के खिलाफ जालसाजी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि डॉ प्रमोद सिंह पर इससे पहले भी कई केस दर्ज हैं। मनी कुमार ने एडीजी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि होप मल्टी स्टेट परपज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड कंपनी लोगों के खाते खुलवा कर पैसा जमा कराती थी। कंपनी के चेयरमैन डॉ. प्रमोद ने वादा कर उन्हें और उनके जैसे सैकड़ों बेरोजगारों को जाल में फंसा कर काफी लोगों के रुपये सोसाइटी में जमा करवाए।
जमा करने के सात दिन बाद भुगतान करने का वादा किया था, लेकिन कई साल बाद भी रुपये नहीं लौटाए। बताया कि डॉ. प्रमोद कुमार सिंह पिछले दो साल से रुपये लेकर छिप गए हैं, उनका पता नहीं चल रहा है। पत्नी और साला भी भागने की फिराक में हैं। इस संबंध में डॉक्टर, उनकी पत्नी और साले का पक्ष नहीं मिल सका है। उनका पक्ष आने पर प्रकाशित किया जाएगा।




