संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर, हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोरहडीह में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार कों मनबढों ने गांव के दो सगे भाइयों पर लाठी, डंडा और पंच से गांव में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया व आरोपितों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। सीओ खजनी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एक घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह है मामला
ग्राम पंचायत गोरहडीह में पारस यादव और विनय मद्देशिया में लक्ष्मी पूजा के दिन कुछ कहा सुनी हुई थी। ग्रामीणों ने दोनो को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया था। रविवार को विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। विनय मद्देशिया और उनके भाई संजीत कुमार पुत्र स्व चंद्रभान सुबह नौ बजे अपनी दुकान पर कटसहरा जा रहे थे। इसी दौरान गांव के रास्ते पर पारस यादव और उनके लड़को ने दोनों भाइयों को घेरकर लाठी डंडा और पंच से पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह से जान बचाकर दोनो भाई भागने लगे, मनबढो ने गांव में भी उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
पुलिस ने चार हमलावरों को गिरफ्तार किया
इसी बीच किसी ग्रामीण द्वारा डायल 112 और हरपुर बुदहट पुलिस को घटना की सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हरपुर बुदहट थाना प्रभारी निरीक्षक विज्ञानकर सिंह ने हमला करने वाले चारों आरोपितों केा गिरफ्तार किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसमें संजीत मद्देशिया की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनके शरीर की कई हड्डियां टूट गई हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया की पीड़ित विनय मद्देशिया की तहरीर पर चारो आरोपितों पर हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया है।




