संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर के खोराबार इलाके के कुष्महि जंगल में गुरुवार को बदमाशों ने गल्ला व्यापारी से 6 लाख से ज्यादा की लूट की घटना को अंजाम दिया. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गईं.गोरखपुर: जिले के खोराबार इलाके के कुष्महि जंगल में गुरुवार को कार सवार बदमाशों ने कुशीनगर के गल्ला व्यापारी से 6.56 लाख की लूट की घटना को अंजाम दिया. व्यापारी हाजीपुर बिहार से गोरखपुर ट्रेन से आए थे. तभी रास्ते में कार सवारों ने कुशीनगर पहुंचने के लिए गाड़ी में बैठा लिया. जैसे ही गाड़ी जंगल में पहुंची बदमाशों ने पैसे लूट लिए. जानकारी पर एसएसपी गौरव ग्रोवर भी खोराबार थाने पहुंचे. एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामाकांत जायसवाल पुत्र डोमा सेठ निवासी हाटा थाना कोतवाली जिला कुशीनगर गल्ला व्यवसायी हैं. वह कई वर्षों से कुशीनगर से गला हाजीपुर बिहार भेजते हैं और पैसों का लेनदेन करते हैं. रामाकांत गुरुवार को हाजीपुर बिहार एक फ्लावर मील में पैसा लेने गए थे. बैंक बंद होने के नाते उन्होंने 6.56 लाख नकद बैग में रखकर लखनऊ बरौनी ट्रेन से छावनी रेलवे स्टेशन गोरखपुर पहुंचे. वहां से पैदल आर्मी पब्लिक स्कूल एम्स गेट के पास बस का इंतजार कर रहे थे. तभी एक सफेद रंग की कार से तीन लोग पहुंचे. इसमें 2 लोग पीछे की सीट पर बैठे थे. ड्राइवर गाड़ी चला रहा था. उसने आवाज दी कि कुशीनगर चलना है तो पीड़ित ने कहा कि हाटा चलना है. उसके बाद व्यापारी उसी कार में बैठ गया.
एयर फोर्स के पास आने पर उसमें से एक शख्स ने यह कहते हुए उनका मोबाइल मांगा कि अंकल कहीं फोन करना है, जरा सा मोबाइल दे दीजिए. उन्होंने अपना मोबाइल उसको दिया तो उसने मोबाइल से सिम निकाल कर फेंक दिया. जब विरोध करना शुरू किए तो तीनों लोगों ने व्यापारी को मारना शुरू कर दिया. कुसम्ही जंगल में लाकर बैग में रखे 6.56 लाख रुपये ले लिए और जगदीशपुर चौकी अंतर्गत उतार कर फरार हो गए.
पीड़ित ने किसी तरह इसकी सूचना जगदीशपुर चौकी पर दी. आनन-फानन में चौकी इंचार्ज राम मनोज सिंह मौके पर पहुंचे. कई जगह पुलिस ने सीसीटीवी भी खंगाला. लेकिन, कहीं कोई पता नहीं चला. घटनास्थल पर पहुंचे सीओ कैंट व इंस्पेक्टर कैंट और तमाम अधिकारियों ने भी सीसीटीवी खंगाला. लेकिन, अभी भी किसी नतीजे पर न कैंट पुलिस और न ही खोराबार पुलिस पहुंच पाई है. पीड़ित से अधिकारियों ने पूछताछ की.




