संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले के पूर्व विधायक यशपाल सिंह रावत के मैनेजर विनोद यादव ने पुलिस को तहरीर दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सुबह वे भूमि पर गिरी मिट्टी बराबर करा रहे थे. तभी पट्टीदार भाला, फरसा और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और जानलेवा हमला कर दिया.शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक से भी अभद्रता की गई और उन पर धारदार हथियार से हमला करने का प्रयास किया गया. वहीं, दूसरी ओर पट्टीदार शिवशंकर रावत ने भी पुलिस को तहरीर दी है. उनका कहना है कि पुश्तैनी भूमि पर उनके बाप-दादा का कब्जा है. उसी भूमि पर गिरी मिट्टी को पूर्व विधायक बैकहो लोडर और ट्राली से हटवा रहे थे.

जब उन्होंने आपत्ति की तो गाली-गलौज करने लगे और गोलबंद होकर डंडा व धारदार हथियार से हमला कर दिया. आरोप है कि पूर्व विधायक ने उन पर राड से वार किया और उनके भाई रमाशंकर को बंदूक के बट से घायल कर दिया. ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया. एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है. मामले की छानबीन की जा रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.




