संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज क्षेत्र के फरदहनी गांव में रविवार रात करीब आठ बजे विशंभर चौरसिया (35) की लाठी-डंडे से पीट कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि नाली के विवाद में पड़ोसियों ने वारदात की है।उधर, सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने सोमवार सुबह पीड़ित को थाने आने की सलाह देकर लौट आई। रात करीब 11 बजे वारदात की सूचना एसपी नार्थ मनोज अवस्थी को मिली तो उन्होंने पुलिस को मौके पर भेजा।
जानकारी के मुताबिक, सुरेश चौरसिया का बेटा विशंभर चौरसिया मजदूरी करके जीवनयापन करता था। रविवार की रात आठ बजे के करीब विशंभर घर पर था। इसी दौरान पड़ोसी छत से नाली में पानी गिरा रहे थे। पानी के कुछ छींटे विशंभर के ऊपर गिर गए। इसका उसने विरोध किया।
विशंभर के चचेरे भाई राजीव ने बताया कि इसी बात पर पड़ोसियों से विवाद हो गया। पड़ोसियों ने लाठी डंडा लेकर विशंभर पर हमला कर दिया। सिर में चोट लगने की वजह से विशंभर जमीन पर गिर कर तड़पने लगा। आनन फानन घरवाले उसे स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में विशंभर की मौत हो गई।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने फिर पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने टालमटोल किया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस के आला अफसरों को सूचना दी।
देर रात एसपी के आदेश के बाद हरकत में आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी नाथ मनोज अवस्थी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।




