संदेश न्यूज़ 24 कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपने ही गांव के लड़के से शादी की जिद को लेकर प्रेमी युवक के दरवाजे पर दो दिन धरने पर बैठी रही। दूसरे दिन पुलिस के बुलावे पर थाने पहुंची जहां दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास हुआ लेकिन आरोपी युवक ने खुद को निर्दोष बताते हुए शादी करने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद देर शाम को पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। घर से फरार युवक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपने ही गांव के एक युवक पर शादी की झांसा देकर दो वर्षो से शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए युवक के घर शादी करने की जिद्द लेकर शुक्रवार के सुबह उसके दरवाजे पर पहुंच गयी। उसके घर पहुंचने की जानकारी होते ही प्रेमी व उसके घर वाले घर में ताला मारकर फरार हो गये।युवती के प्रेमी के दरवाजे पर धरना देने की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच कर उसे काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह शादी करने की जिद्द पर अड़ी रही और अपने प्रेमी को बुलाने की मांग करने लगी। दूसरी ओर पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी आरोपी युवक से संपर्क नहीं हो सका, जिसके बाद वहां एक सिपाही की ड्यूटी लगा पुलिस बैरंग वापस हो गयी। शनिवार को आरोपी प्रेमी को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
इसके बाद युवती को पुलिस ने थाने बुलाया। थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में समझौते के लिए वार्ता हुई मगर बात नहीं बनी। युवक अपने को निर्दोष बताते हुए शादी से इन्कार कर रहा है जबकि युवती शादी की जिद्द पर अड़ी रही।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पटहेरवा अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में समझौते के लिए वार्ता किये मगर बातचीत से हल नहीं निकला। लड़की की तहरीर पर आरोपी युवक विनय जायसवाल एवं उसी के गांव के रहने वाले उसके सहयोगी बृजेश कुशवाहा के खिलाफ दुष्कर्म एवं साजिश रचने का केस दर्ज कर लिया गया। आरोपी युवक पुलिस हिरासत में है।




