संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर अगर आप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठाते हैं। ऐसे में ये खबर खास आपके लिए है। आज यानी 17 अक्तूबर, 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के खाते में 12वीं किस्त के पैसों को ट्रांसफर किया जाएगा। देश भर में करोड़ों किसान 11वीं किस्त के पैसे मिलने के बाद लंबे समय से 12वीं किस्त का इंतजार कर रहे थे। उनका ये इंतजार अब खत्म होने वाला है। देश भर में करोड़ों किसानों को दिवाली से पहले 12वीं किस्त की सौगात मिलेगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए चलाई जा रही है एक महत्वाकांक्षी स्कीम है। इस योजना के अंतर्गत हर साल किसानों के खातों में तीन किस्त के रूप में दो दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
17 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में “पीएम किसान सम्मान सम्मेलन 2022” का उद्घाटन करीब 11:30 बजे करेंगे। इसी सम्मेलन के दौरान पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 12वीं किस्त को जारी किया जाएगा।
इसके अलावा जिन किसानों ने रजिस्ट्रेशन के दौरान गलत जानकारी पीएम किसान सम्मान निधि योजना में दर्ज की थी। उनके किस्त के पैसे अटक सकते हैं। किस्त के पैसे ट्रांसफर होने के बाद आप पीएम किसान योजना के पोर्टल पर विजिट करके अपना स्टेटस आसानी से चेक कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी के पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में पीएम किसान सम्मान सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. इस अवसर पर पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को 16,000 करोड़ रुपये की राशि की 12वीं भी जारी करेंगे।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2019 में की थी. इस योजना के पैसे लाभार्थी किसानों के खाते में सीधे पहुंचते हैं. अभी तक पीएम किसान के योजना के तहत किसानों को आर्थिक मदद के तौर पर 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ प्राप्त हो चुका है.




