संदेश न्यूज़ 24: गोरखपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखे युवक के शव को रात भर चूहे कुतरते रहे, लेकिन किसी ने शव को डीप-फ्रीजर में रखने की जहमत नहीं उठाई। चूहों ने शव का चेहरा और नाक कुतर दिया था।बाद में परिजन आए और शव देखकर बदहवास हो गए। घटना से नाराज परिजनों ने प्रदर्शन भी किया। साथ ही सीएमओ को ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। सीएमओ ने जांच कमेटी बनाकर दो दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी है।ज
नकारी के मुताबिक, रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के पोस्ट- बड़गो के सेंदुली-बेंदुली गांव के सुमित गौड़ (21) और महबूब सिद्दीकी (20) दुर्गा पूजा के लिए प्रतिमा बैठाने की तैयारी कर रहे थे। जहां पंडाल लगना था, वहां बारिश का पानी भरा है। दोनों पानी निकालने के लिए मंगलवार को पिकप से पंपिंग सेट लेने गए थे। खोराबार थानाक्षेत्र के जगदीशपुर फोरलेन पर पिकप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सुमित गौड़ और महबूब सिद्दीकी की मौत हो गई।
रात होने की वजह से दोनों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए। बताया जा रहा है कि चूहों ने मंगलवार की रात ही सुमित के शव के चेहरे और नाक को कुतर डाले। बुधवार की सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम हाउस आए तो अवाक रह गए। परिजनों के मुताबिक, सुमित के शव के कई हिस्सों को कुतरा गया था। आरोप है कि डीप-फ्रीजर नहीं चल रहा था। अगर डीप-फ्रीजर में शव को रखा जाता तो यह हाल नहीं होता। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से घटना घटी है। इस मामले में लापरवाही करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पहले भी शवों की हो चुकी है बेकद्री
जिले में शवों की बेकद्री का मामला कोई नया नहीं है। कई बार शवों को चूहों से लेकर जानवरों तक ने काट खाया है। नवंबर 2018 में झगहां के रहने वाले सपा नेता बेचन प्रसाद की मौत के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में उनका शव रखा गया था। शव को लावारिस हालत में छोड़ दिया गया था। चूहों ने शव को कुतर डाला था। जनवरी 2019 में काली मंदिर के रहने वाले विवेक कुमार के शव को भी चूहों ने कुतर डाला था। इसके अलावा लावारिस हालत में मिली एक युवक की लाश को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चीटियों ने काट डाला था। पिछले साल बीआरडी में एक व्यक्ति के शव को कुत्तों ने काट खाया था।
शव को चूहों द्वारा कुतरने की जानकारी परिजनों ने दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दो डॉक्टरों की कमेटी बना दी गई है। कमेटी दो दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपेगी। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ आशुतोष कुमार दूबे, सीएमओ




