संदेश न्यूज़ 24: गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के असवनपार में सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने के विवाद में बुधवार को गांव के युवक पवन ओझा की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूर्व प्रधान बालेंदु ओझा के बेटे राहुल ओझा ने पवन को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा।पिटाई की सूचना पर पवन की मां बेटे को छोड़ने की गुहार लेकर पहुंचीं तो बालेंदु की लाइसेंसी रायफल से राहुल ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोली चलते ही अफरातफरी मच गई। गांव के तमाम लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने राहुल ओझा पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। रायफल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, असवनपार निवासी पूर्व प्रधान बालेंदु के पुत्र राहुल ओझा का तीन दिन पहले गांव के पवन ओझा से सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने को लेकर विवाद हो गया था। चौराहे पर विवाद होने पर गांव के लोगों के बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया था। बुधवार सुबह छह बजे पवन ओझा खेत की ओर जा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान राहुल ने पुरानी रंजिश को लेकर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पवन को अपने घर की चहारदीवारी में खींच लिया और बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। इसकी जानकारी होने पर पवन की मां पूर्व प्रधान के घर बेटे को छोड़ने की गुहार लेकर गईं। इससे नाराज राहुल ने लाइसेंसी रायफल से घर की छत पर चढ़कर फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मां संध्या देवी की तहरीर पर पुलिस ने राहुल के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। उधर, पूर्व प्रधान बालेंदु ने भी तहरीर दी है। उनका आरोप है कि पवन व उसके साथियों ने मारपीट कर अवैध असलहे से फायरिंग की है।
एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




