संदेश न्यूज़ 24गोरखपुर स्नातक व शिक्षक खंड विधान परिषद निर्वाचन के लिए गुरुवार से आचार संहिता लागू हो गई है। पहले दिन कोई भी नामांकन नहीं हुआ है।खंड स्नातक की तीन और शिक्षक की दो सीटों के लिए चुनाव होना है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड के देवेंद्र प्रताप सिंह, कानपुर के अरुण पाठक, बरेली-मुरादाबाद के डा. जय पाल सिंह व्यस्त, इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक के सुरेश कुमार त्रिपाठी और कानपुर के राजबहादुर सिंह चंदेल का कार्यकाल 12 फरवरी को समाप्त हो रहा है। इन रिक्तियों को भरने के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही गुरुवार को निर्वाचन की अधिसूचना जारी हो गई है। पहले दिन कोई नामांकन नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को नांकन की अंतिम तिथि है और नाम वापस 16 जनवरी को लिए जा सकेंगे। 30 जनवरी प्रात: 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। 2 फरवरी को मतगणना होगी। 4 फरवरी से पूर्व निर्वाचन सम्पन्न करा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 39 जिलों प्रयागराज कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी, ललितपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, बरेली, पीलीभीत शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, संभल, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर अयोध्या, अमेठी व अंबेडकरनगर में आचार संहिता लागू हो गई है।




