संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर देवरिया घर से टहलने निकली युवती का सरेराह अपहरण रुद्रपुर (देवरिया)। घर से टहलने निकली एक युवती का सरेराह कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। युवती सोमवार रात में भोजन करने के बाद अपनी भाभी के साथ टहलने निकली थी।
घटना रुद्रपुर-निबही मार्ग पर हुई। पुलिस ने अपहृत युवती के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने रात में घटनास्थल का दौरा किया। एएसपी के निर्देश पर पुलिस, दो टीमें गठित कर जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब आठ बजे युवती अपनी भाभी के साथ रुद्रपुर-निबही मार्ग पर टहलने निकली थी। इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से गोरखपुर की तरफ जा रही एक कार उनके पास रुक गई। युवती की भाभी के अनुसार, गाड़ी से उतरे एक युवक ने उसकी ननद को जबरन कार में बैठा लिया। भाभी ने विरोध किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी।
युवती की भाभी ने बताया कि ननद का अपहरण होते देख उन्होंने शोर मचाया। चौराहे के लोग जुटते, तब तक कार सवार युवक, युवती को लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर रुद्रपुर पुलिस ने जगह-जगह वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने गोरखपुर पुलिस से संपर्क कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। राप्ती नदी के किनारे रुद्रपुर-गोरखपुर मार्ग पर पूरी रात पुलिस तलाश करती रही, लेकिन युवती का पता नहीं चल पाया।
अपहृत युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र मिश्र ने कहा कि अपहरण का घटनाक्रम कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस केस दर्ज कर अपहृत युवती की तलाश में जुटी है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।




