संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर जिले मे चिड़ियाघर के पास मंगलवार की रात रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बड़हलगंज के महुआपार निवासी पंकज शाही ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।गोली लगने से गोला क्षेत्र के दीपगढ़ निवासी प्रियांशु सिंह घायल हो गया। आरोपितों ने उसके साथी शशांक त्रिपाठी पर पत्थर से हमला कर सिर फोड़ दिया। आरोपित व उसके साथियों की तलाश में रामगढ़ताल थाना पुलिस छापेमारी कर रही है।

महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के बारीगांव निवासी शशांक त्रिपाठी का बड़हलगंज के महुआपार निवासी पंकज शाही से पुराना परिचय था। कुछ समय पहले शशांक ने पंकज को करीब साढ़े तीन लाख रुपये कर्ज के तौर पर दिए थे। लंबे समय से रुपये वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच तनातनी चल रही थी।
मंगलवार को फोन पर बातचीत के बाद पंकज ने रुपये लौटाने के बहाने शशांक को चिड़ियाघर के पास बुलाया। शशांक अपने मित्र प्रियांशु सिंह के साथ बाइक से वहां पहुंचा तो देखा कि पंकज शाही पहले से ही अपने साथियों के साथ मौजूद था। रुपये को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान पंकज शाही ने असलहा निकालकर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली प्रियांशु के बाएं जांघ और एक गोली दाएं पैर के निचले हिस्से में जा लगीं, जिससे वह मौके पर ही गिरकर तड़पने लगे। फायरिंग के बाद आरोपित पक्ष के लोगों ने मारपीट और पत्थरबाजी भी की।
पत्थर लगने से शशांक त्रिपाठी का सिर फट गया और वह भी लहूलुहान हो गया। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल शशांक ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्रियांशु के पैर में गोली फंसी होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरु अस्पताल रेफर कर दिया, जहां नेहरू अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। शशांक का भी वहीं उपचार किया जा रहा है।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि शशांक त्रिपाठी शहर के बुद्ध विहार पार्ट-सी में किराए पर कमरा लेकर रहता है। आरोपित पंकज शाही की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। कई लोगो को हिरासत में लिया गया है। घटना के वजह की जांच कराई जा रही है।




