संदेश न्यूज़ 24 गोरखपुर बिजली विभाग की विजिलेंस टीम गुरुवार को शहर के तिवारीपुर मोहल्ले में जांच करने पहुंची। बिजली निगम के संविदा लाइनमैन मोहम्मद युसुफ खान उर्फ शनि के घर की जांच के दौरान चोरी पकड़े जाने पर संविदा कर्मचारी अपने साथियों के साथ टीम प्रभारी दिलीप मिश्र व अन्य से विवाद करने लगा।आरोप है कि इसी दौरान हमला बोल दिया। वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया। विजिलेंस टीम प्रभारी ने तिवारीपुर थाने में संविदा कर्मचारी के खिलाफ तहरीर देकर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
विजिलेंस टीम प्रभारी दिलिप मिश्र, जेई अंकित श्रीवास्तव, गौरीशंकर, धीरेन्द्र कुमार व अन्य गुरुवार की दोपहर में तिवारीपुर मोहल्ले में मकान नम्बर-67बी हवेली घासी कटरा में उपभोक्ता मोहम्मद युसुफ खान पुत्र मोहम्मद कैसर खान की उपस्थिति में मीटर की रीडिंग जांच रहे थे। आरोप है कि युसुफ बिजली संयोजन का बिल मांगने पर उग्र होकर गाली-ग्लौज करने लगा। विजिलेंस टीम के सदस्यों व संविदा कर्मचारी मोहम्मद युसुफ खान के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। विजिलेंस टीम प्रभारी दिलीप मिश्र ने तिवारीपुर थाने में तहरीर दी। विजिलेंस टीम प्रभारी दिलीप मिश्र ने बताया कि उपभोक्ता युसुफ खान उर्फ शनि कनेक्शन जांच कराने से मना करता रहा। जब उसकी बात नहीं सुनी गई हमलवार हो गया।




